- Hindi News
- Tech auto
- Google Maps Gemini AI In India: Voice Search, Accident Alerts & Two Wheeler Nav | 6 Key Features
नई दिल्ली30 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
गूगल ने भारत में गूगल मैप्स यूजर्स के लिए जेमिनी AI को इंटीग्रेट कर दिया है। इससे अब मैप्स सिर्फ रास्ता बताने वाला एप नहीं रहेगा, बल्कि आपका पर्सनल ट्रैवल असिस्टेंट बन जाएगा। जो बोलेगा, समझेगा और भारतीय यूजर के हिसाब से फैसले लेगा।
इससे अब आप बोलकर पास का पेट्रोल पंप या रेस्टोरेंट ढूंढ सकते हैं, यही नहीं अब बिना टाइप किए रिव्यू, फोटो और डिटेल्स मिलेंगी। इसके अलावा एक्सीडेंट अलर्ट, स्पीड लिमिट और टू-व्हीलर नेविगेशन जैसे नए फीचर्स भी जोड़े गए हैं। यह अपडेट एंड्रॉएड और iOS पर जल्द रोलआउट होगा, जो ट्रैवल को स्मार्ट बनाएगा।
भारत में करीब 25 करोड़ से ज्यादा लोग हर दिन गूगल मैप्स का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए भीड़भाड़ वाले शहरों, रोजाना के ऑफिस ट्रैफिक और सुरक्षा के लिहाज से ये फीचर्स भारत जैसे देश के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।

ये 6 फीचर्स सबसे उपयोगी…
1. अब आवाज रास्ता दिखाएगी
अब ड्राइव के दौरान मोबाइल को छूने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप बस बोलिए और जेमिनी AI आपके इंस्ट्रक्शन पर तुरंत काम करेगा। जैसे- कमांड्स पर तुरंत रूट, लोकेशन या सर्च रिजल्ट मिल जाएगा।
- कैसे इस्तेमाल करें: गूगल मैप्स खोलें। नीचे माइक आइकन दबाएं। अपनी कमांड बोलें, बाकी काम एआई करेगा।

2. ट्रेवल से पहले ‘स्मार्ट टिप्स’
अब किसी जगह पर जाने से पहले ही आपको सारी जरूरी जानकारियां मिल जाएंगी। जैसे- पार्किंग की स्थिति, वहां की भीड़, फूड स्पेशलिटी और आस-पास घूमने लायक जगह कौन-कौन सी हैं। कुल मिलाकर गूगल मैप्स अब सिर्फ रास्ता नहीं दिखाएगी, बल्कि आपका स्मार्ट ट्रैवल पार्टनर बनेगी।
जेमिनी AI के साथ आप वॉइस से सवाल पूछ सकते हैं– जैसे ‘पास में वेजिटेरियन रेस्टोरेंट कहां है?’ और AI तुरंत सटीक जवाब देगा। इसमें रिव्यू, फोटो और जरूरी जानकारी भी शामिल होगी। ड्राइविंग के दौरान अन्य एप्स से लिंक करने का ऑप्शन मिलेगा, ताकि हैंड्स-फ्री यूज हो सके।
- कैसे इस्तेमाल करें: लोकेशन सर्च करें। नीचे आने वाले स्मार्ट टिप्स में भीड़, पार्किंग और रिव्यू-बेस्ड सुझाव देखिए।

3. टू-व्हीलर के लिए अलग नेविगेशन
भारत में बाइक और स्कूटर यूजर्स की संख्या देखते हुए गूगल ने नेविगेशन एरो को टू-व्हीलर आइकन में बदलने का ऑप्शन जोड़ा है।
- कैसे इस्तेमाल करें: नेविगेशन सेटिंग खोलें। व्हीकल टाइप में जाएं और अपना वाहन चुनें।

4. एप बंद होने पर भी अलर्ट
जेमिनी अब रोडब्लॉक या डायवर्जन की चेतावनी भेजेगा। बस गूगल मैप्स एप में नोटिफिकेशन ऑन रखना होगा और इंटरनेट ऑन होना चाहिए। एप बंद होने पर भी यह काम करेगा। पहले फ्लायओवर पर वॉइस नेविगेशन अक्सर गलत दिशा दिखाता था, लेकिन अब यह सटीक हो गया है। ये चेंजेस सिटी ट्रैफिक में सुरक्षित राइडिंग को आसान बनाएंगे।
- कैसे इस्तेमाल करें: गूगल मैप्स एप में नोटिफिकेशनंस ऑन करें। इंटरनेट चालू रहने पर अलर्ट अपने आप मिलेंगे।

5. AI बेस्ड रोड सेफ्टी अलर्ट
गूगल ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के साथ मिलकर उन रास्तों की पहचान की है, जहां एक्सीडेंट ज्यादा होते हैं। अब जैसे ही आप इन जोन्स के पास पहुंचेंगे, गूगल पहले से अलर्ट देगा। यह सुविधा गुरुग्राम, हैदराबाद और चंडीगढ़ जैसे शहरों से शुरू हो रही है।
साथ ही, लोकल ट्रैफिक पुलिस के डेटा से ऑफिशियल स्पीड लिमिट दिखेगी, जो ओवरस्पीडिंग रोकने में मदद करेगी। शुरुआत मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद से होगी। बेहतर ट्रैफिक अलर्ट सिस्टम सबसे पहले भारत के एंड्रॉएड यूजर्स को मिलेगा।
- कैसे इस्तेमाल करें: रूट शुरू करें और एक्सीडेंट जोन के पास पहुंचते ही चेतावनी मिल जाएगी।

6. भारतीय भाषा में जवाब देगा गूगल मैप्स
अब गूगल मैप्स का AI सिर्फ अंग्रेजी तक सीमित नहीं रहा है गूगल मैप्स में जेमिनी AI के इंटीग्रेशन से अब भारतीय यूजर्स को अपनी मातृभाषा में ही बात करने की सुविधा मिलेगी। जेमिनी AI गूगल मैप्स में कुल 9 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करेगा। इसमें हिंदी, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, तमिल, तेलुगु और उर्दू शामिल है।
मतलब, आप अंग्रेजी के अलावा अपनी रीजनल भाषा में सवाल पूछ सकेंगे, और AI उसी भाषा में जवाब देगा। यह फीचर खासतौर पर भारत के लिए डिजाइन किया गया है, जहां ज्यादातर लोग लोकल भाषाओं में कम्फर्टेबल होते हैं। गूगल ने कहा है कि आगे और भाषाएं जोड़ी जाएंगी।
- कैसे इस्तेमाल करें: पूछ सकते हैं कि हाईवे पर गड्ढों से कैसे बचें? जेमिनी आपकी भाषा में जवाब देगा।
