नई दिल्ली20 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अब वॉट्सएप से आप लोगों से अलग-अलग भाषाओं में बात कर सकेंगे, क्योंकि मेटा ने इंस्टेंट मैसेजिंग एप में रियल-टाइम मैसेज ट्रांसलेशन फीचर रोलआउट कर दिया है। इस फीचर से पर्सनल चैट, ग्रुप या चैनल अपडेट्स में आने वाले मैसेज को तुरंत अपनी भाषा में ट्रांसलेट कर सकेंगे।
कंपनी ने ब्लॉग पोस्ट में इसकी जानकारी दी है। शुरुआत में यह सुविधा एंड्रॉइड यूजर्स के लिए 6 भाषाओं- अंग्रेजी, हिंदी, स्पेनिश, पुर्तगाली, रूसी और अरबी में अवेलेबल है। वहीं iOS यूजर्स 19 भाषाओं में ट्रांसलेट कर सकेंगे।
एंड्रॉयड यूजर्स पूरी चैट थ्रेड के लिए ऑटोमैटिक ट्रांसलेशन ऑन कर सकते हैं। इससे उस चैट में आने वाले सारे मैसेज अपने आप ट्रांसलेट हो जाएंगे। भारत जैसे मल्टीलिंगुअल देश में ये फीचर गेम-चेंजर साबित हो सकता है, जहां हिंदी, तमिल, तेलुगु जैसी रीजनल लैंग्वेजेस बेली जाती हैं।

कैसे इस्तेमाल करें
- किसी भी मैसेज को लॉन्ग-प्रेस करें।
- उसके बाद “Translate” बटन पर टैप करें।
- अपनी पसंद की भाषा डाउनलोड कर लें।
- अब जब भी उस भाषा में मैसेज आएगा, आप उसे तुरंत अपनी भाषा में देख पाएंगे।
- इससे अब अलग-अलग ट्रांसलेशन ऐप्स का सहारा लेने या कॉपी-पेस्ट करने की जरूरत नहीं रहेगी।
यूजर की प्राइवेसी सेफ रहेगी
वॉट्सएप ने साफ किया है कि सारे ट्रांसलेशन आपके फोन पर ही होंगे। कंपनी यूजर्स का कोई डेटा नहीं देखेगी और न ही उसे कहीं स्टोर करेगी। ये तरीका उनकी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन नीति के मुताबिक है, ताकि यूजर्स बेफिक्र होकर इस फीचर का इस्तेमाल कर सकें। मेटा का कहना है कि यूजर्स के पर्सनल चैट्स सिक्योर रहेंगे।
वॉट्सएप में अब स्टेटस के साथ दिखेंगे विज्ञापन
वॉट्सएप ने हाल ही में ‘अपडेट्स’ टैब को अपडेट किया। इससे एप में अब आपको विज्ञापन भी दिखाई देते हैं। यानी जिस तरह इंस्टाग्राम स्टोरीज पर कुछ स्टोरीज देखने के बाद विज्ञापन नजर आते हैं, वैसे ही यूजर को वॉट्सएप पर कुछ स्टेटस अपडेट्स देखने के बाद विज्ञापन नजर आते हैं।
कंपनी ने इस टैब में आने वाले 3 नए फीचर्स- चैनल सब्सक्रिप्शन, प्रमोटेड चैनल और स्टेटस में विज्ञापन की जानकारी दी है।

क्या-क्या नया है?
- स्टेटस में विज्ञापन: यूजर्स को वॉट्सएप के स्टेटस में बिजनेस वाले विज्ञापन दिखेंगे। वह स्टेटस देखते समय विज्ञापन पर टैप कर सीधे उस बिजनेस से चैट शुरू कर सकेंगे।
- चैनल सब्सक्रिप्शन: अगर यूजर किसी वॉट्सएप चैनल को फॉलो करता है, तो अब कुछ चैनल्स के लिए हर महीने कुछ चार्ज देना होगा। इसके बदले में उसे खास कंटेंट या अपडेट्स मिलेंगे, जो बाकी लोग नहीं देख पाएंगे। ऐसे चैनल्स के नाम के आगे एक डायमंड आइकन दिखेगा। हालांकि अभी इसके चार्जेस नहीं बताए गए हैं।
- प्रमोटेड चैनल्स: वॉट्सएप अब कुछ चैनल्स को प्रमोट करेगा, यानी यूजर को उसकी पसंद के हिसाब से नए चैनल्स सुझाए जाएंगे, ताकि क्रिएटर्स और बिजनेस वाले ज्यादा लोगों तक पहुंच सकें।
